IND vs ENG: इंडियन टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 269 रन बनाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। शुभमन गिल इस सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने तीन पारियों में 424 रन बनाए हैं। गिल ने लीड्स टेस्ट में 147 रनों की पारी खेली और अब एजबेस्टन में दोहरा शतक जड़ा। गिल ने 387 गेंदों की अपनी पारी में 30 चौके और तीन छक्के लगाए।
इंडिया से पीछे चल रहा है इंग्लैंड
शुभमन गिल की शानदार पारी के दम पर इंडिया पहली पारी में 587 रन बनाने में सफल रहा। गिल के अलावा रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने अर्धशतक जमाए। गिल और जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 203 रन जोड़े। इसके बाद गिल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ पारी को आगे बढ़ाया और अपने करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने पहली पारी में तीन विकेट पर 77 रन बना लिए हैं और वह अभी भी भारत से 510 रन पीछे है। गिल ने अपनी ऐतिहासिक पारी के साथ कई रिकॉर्ड बनाए और दिग्गजों के क्लब में शामिल हो गए।
जानते हैं गिल ने अपनी पारी के साथ कौन-कौन से रिकॉर्ड बनाए।
शुभमन गिल (Shubman Gill) विराट कोहली के बाद टेस्ट की एक पारी में 250 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। इतना ही नहीं वह टेस्ट में भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कोहली को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने पुणे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 254 रन बनाए थे।
गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं। वह 311 गेंदों में ऐसा करने में सफल रहे। वहीं, गिल विदेश में 250 टेस्ट रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं।
गिल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले इंडिया के दूसरे सबसे युवा कप्तान हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। भारत के लिए टेस्ट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले कप्तान का रिकॉर्ड एम पटौदी के नाम है, जिन्होंने 1964 में दिल्ली में खेले गए मैच में इंग्लैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। पटौदी ने 23 साल 39 दिन की उम्र में कप्तान के तौर पर टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था।
इंग्लैंड में कप्तान के तौर पर कम उम्र में दोहरा शतक लगाने के मामले में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ ही गिल से आगे हैं। स्मिथ ने 2003 में 22 साल 175 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। गिल तीन देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान हैं।
ये भी पढ़ें-: india vs england 2nd test: न तो लालच में आए, न ही हारे: शुभमन गिल ने दिखाया रास्ता
गिल टेस्ट में 250 रन बनाने वाले दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं। गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में ये कारनामा किया। टेस्ट में सबसे कम उम्र में 250 रन बनाने वाले कप्तान का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ के नाम है, जिन्होंने 2003 में बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ ये कारनामा किया था।
गिल विदेश में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारत के लिए विदेश में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है, जिन्होंने 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ 309 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ हैं, जिन्होंने 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ 270 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर गिल का नाम शामिल हो गया है।
गिल इंग्लैंड में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर ने 1979 में द ओवल में खेले गए मैच में 221 रन बनाए थे उनसे पहले इन देशों में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान के नाम था जिन्होंने 2011 में लॉर्ड्स में 193 रन बनाए थे। कुल मिलाकर वे एशिया के तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इन देशों में सर्वाधिक स्कोर बनाया है। उनसे आगे जहीर अब्बास (274 बनाम इंग्लैंड) और जावेद मियांदाद (271 बनाम न्यूजीलैंड) हैं।
एजबेस्टन में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले गिल पांचवें बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में एलिस्टेयर कुक (294), पीटर मे (नाबाद 285), ग्रीम स्मिथ (277) और जहीर अब्बास (274) भी शामिल हैं। भारत ने इंग्लैंड में अपना चौथा सर्वोच्च टेस्ट स्कोर बनाया है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 में केनिंग्टन ओवल में 664, 2002 में लीड्स में 628/8 (पारी घोषित) और 1990 में केनिंग्टन ओवल में नौ विकेट पर 606 रन बनाए थे
ये भी पढ़ें-:
Kids Tiffin Recipe: बच्चों के लिए टिफिन बनाने में हो जाती हैं देर, तो 20 मिनट में बनाएं टेस्टी और हेल्दी वेजिटेबल उत्तपम
Pigeon: कबूतर कहीं आपकी सेहत और जेब न चुग लें, जानिए कैसे?